बिहार के सारण जिले में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। खैरा थाना क्षेत्र के खोदाईबाग गांव में एक ही घर से दो महिलाओं के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान 27 वर्षीय प्रीति कुमारी और 22 वर्षीय ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में देवरानी-जेठानी थीं।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद खैरा थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। बताया जा रहा है कि दोनों शव घर के अलग-अलग कमरों में पड़े मिले।

घटना के बाद से मृत महिलाओं के पति, सास और ससुर घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद और दहेज प्रताड़ना से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।

मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों महिलाओं को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। आए दिन मारपीट और विवाद की घटनाएं होती रहती थीं। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की गला दबाकर हत्या की गई है। उसका कहना है कि शव की स्थिति देखकर लग रहा था कि तकिए से मुंह दबाकर सांस रोकी गई।

खैरा थाना अध्यक्ष अखिलेश पासवान  ने बताया कि दोनों महिलाओं की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस इलाके में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *