सहरसा जिले के बनमा इटहरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेते हुए अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की गहन समीक्षा की।

 

डीएम ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाएं, दवा की उपलब्धता तथा चिकित्सकीय व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अस्पताल परिसर को साफ-सुथरा रखने, दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा इलाज व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया।

 

डीएम दीपेश कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

 

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अभिषेक सिंह सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और आवश्यक सुधार को लेकर चर्चा की।

 

जिलाधिकारी के इस निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार देखने को मिलेगा और मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *