पटना: बिहार की राजनीति के केंद्र में दशकों तक रहा ‘1 अणे मार्ग’ आज एक ऐतिहासिक बदलाव का साक्षी बना। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आधिकारिक रूप से मुख्यमंत्री आवास खाली कर दिया है। सत्ता की कमान अब सम्राट चौधरी के हाथों में आने के बाद यह कदम तय माना जा रहा था, जिस पर आज अंतिम मुहर लग गई।

बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर को शुभ मानते हुए नीतीश कुमार ने अपने नए आवास में प्रवेश का फैसला लिया। सुबह से ही उनके निजी सामानों को ‘1 अणे मार्ग’ से ‘7 सर्कुलर रोड’ स्थित नए बंगले में शिफ्ट किया जा रहा है। पूरे दिन ट्रकों और वाहनों के जरिए फर्नीचर, किताबें और अन्य जरूरी सामान सावधानीपूर्वक स्थानांतरित किए गए। प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में यह प्रक्रिया शांतिपूर्वक पूरी की जा रही है।

‘1 अणे मार्ग’ सिर्फ एक आवास नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति का प्रतीक रहा है। यहां रहते हुए नीतीश कुमार ने कई अहम फैसले लिए और राज्य की राजनीतिक दिशा तय की। आज जब वे इस ऐतिहासिक बंगले को छोड़ रहे हैं, तो यह उनके लंबे मुख्यमंत्री कार्यकाल के एक महत्वपूर्ण अध्याय के समापन जैसा माना जा रहा है।

अब ‘7 सर्कुलर रोड’ नीतीश कुमार का नया स्थायी पता होगा। यह आवास पहले से ही पूर्व मुख्यमंत्री के तौर पर उन्हें आवंटित किया जा चुका था और उनकी सुरक्षा व सुविधाओं के अनुरूप पूरी तरह तैयार है। सूत्रों के अनुसार, वे आज देर शाम तक अपने नए घर में प्रवेश कर लेंगे और वहीं रात बिताएंगे।

इधर, नीतीश कुमार के आवास खाली करते ही ‘1 अणे मार्ग’ में नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है। इस शिफ्टिंग को सिर्फ एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि बिहार में नए राजनीतिक दौर की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *