धनबाद : लगातार दो दिनों से हो रही तेज बारिश ने केंदुआ क्षेत्र में हालात और गंभीर बना दिए हैं। धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पर एक बार फिर भू-धंसान (गोफ) होने से लोगों में दहशत फैल गई है। पहले से बने गोफ के ठीक बगल में नया गोफ बन गया है, जिसमें बारिश का पानी तेजी से समा रहा है। इसके कारण गोफ का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है और मुख्य सड़क पूरी तरह खतरे की जद में आ गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन सड़क को दोनों ओर से बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया है। इससे धनबाद–बोकारो मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। पिछले 15 दिनों से यह सड़क बंद रहने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यातायात को दूसरे मार्गों पर डायवर्ट किया गया है, लेकिन इससे दूरी बढ़ने और समय अधिक लगने से आम जनता परेशान है।
लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि प्रशासन और बीसीसीएल समय रहते स्थायी समाधान नहीं कर पा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने भी इस मामले में नाराजगी जताई है। भाजपा विधायक राज सिन्हा, भाकपा माले नेता अरुप चटर्जी और आजसू नेता मंटू महतो समेत कई संगठनों ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने सड़क की जल्द मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावित लोगों के पुनर्वास की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को भी इसी स्थान पर सड़क धंस गई थी। इससे पहले 31 नवंबर की रात भूमिगत खदान में विस्फोट के बाद जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का रिसाव शुरू हुआ था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है। बीसीसीएल द्वारा कई बार स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की गई, लेकिन समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो सकी।
बीसीसीएल प्रबंधन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण भू-धंसान का खतरा और बढ़ सकता है। प्रभावित इलाकों के लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
संवाददाता : नितीश कुमार / धनबाद
