पटना: बिहार में इंटरमीडिएट और मैट्रिक विशेष व कम्पार्टमेंटल परीक्षा 2026 का आयोजन 2 मई से दो पालियों में शुरू हो रहा है। परीक्षा के निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सभी जिलों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने स्पष्ट किया है कि इस बार नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा, जबकि केंद्र का मुख्य द्वार आधे घंटे पहले बंद कर दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद प्रवेश की कोशिश करने या दीवार फांदने पर दो वर्षों के लिए परीक्षा से निष्कासन और प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, स्मार्ट वॉच और मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। दो स्तर पर सघन जांच (फ्रिस्किंग) की व्यवस्था की गई है—एक प्रवेश द्वार पर और दूसरी परीक्षा कक्ष में। प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक तैनात रहेगा। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी और वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है, साथ ही केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू रहेगी।
इंटरमीडिएट परीक्षा में इस वर्ष 70,293 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पहली पाली सुबह 9:30 से 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक आयोजित होगी। पहले दिन हिन्दी, जीव विज्ञान, इतिहास और अंग्रेजी विषयों की परीक्षा होगी। वहीं, मैट्रिक परीक्षा में 68,615 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिसकी परीक्षा 6 मई तक चलेगी।
परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। दिव्यांग छात्रों को लेखक की सुविधा और प्रति घंटे 20 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। परीक्षा संचालन के लिए 15 मई तक कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा।
किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 0612-2232227 और 0612-2232257 जारी किए गए हैं। समिति ने सभी अधिकारियों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
