केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार पटना जोन का कुल पास प्रतिशत 89.33% रहा, जो पिछले साल 2025 के 91.90% के मुकाबले 2.57% कम है। लगातार तीसरे साल इस जोन के प्रदर्शन में गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में यह आंकड़ा 92.91% था, जिससे साफ है कि पिछले तीन वर्षों में रिजल्ट का ग्राफ नीचे आया है। हालांकि, इसके बावजूद पटना जोन ने राष्ट्रीय स्तर पर 18वां स्थान हासिल किया और कई अन्य जोनों को पीछे छोड़ा।

इस साल पटना जोन से 1206 स्कूलों के कुल 1,79,418 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 1,60,275 सफल घोषित किए गए। कुल परीक्षार्थियों में 1,10,933 छात्र और 68,485 छात्राएं शामिल थीं। लड़कों का पास प्रतिशत 88.6% रहा, जबकि लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 90.49% सफलता दर हासिल की।

पटना के डीएवी स्कूल खगौल की छात्रा दायल प्रभा ने 99.6% अंक प्राप्त कर शानदार उपलब्धि हासिल की। राष्ट्रीय स्तर पर भी लड़कियों ने बढ़त बनाए रखी, जहां 94.99% छात्राएं और 92.69% छात्र सफल हुए।

देशभर में इस बार 2,21,574 छात्रों ने 90% से अधिक अंक हासिल किए, जो कुल का 8.96% है। वहीं 55,368 विद्यार्थियों ने 95% से अधिक अंक प्राप्त किए, जो 2.24% है। बिहार में 15,805 छात्रों को कंपार्टमेंटल मिला है, जबकि देशभर में यह संख्या 1,47,172 रही।

जोनल रैंकिंग में पटना 18वें स्थान पर रहा, लेकिन इसने रायपुर, नोएडा, रांची और गुवाहाटी जैसे जोनों को पीछे छोड़ा। वहीं त्रिवेंद्रम और विजयवाड़ा 99.79% के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहे।

छात्र अपना रिजल्ट डिजीलॉकर और आधिकारिक वेबसाइट्स पर रोल नंबर, स्कूल कोड और एडमिट कार्ड आईडी की मदद से देख सकते हैं। कंपार्टमेंट परीक्षा की तारीख जल्द घोषित की जाएगी, जबकि री-वेरिफिकेशन और स्क्रूटनी के लिए भी आवेदन का विकल्प उपलब्ध रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *