बिहार के सुपौल जिले में एक खड़ी बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना छातापुर मुख्यालय स्थित बस पड़ाव की है, जहां बुधवार शाम देव ट्रेवल्स की एक बस में देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बस कुछ ही मिनटों में लपटों में घिर गई।
घटना के वक्त बस खाली थी, जिससे किसी जनहानि की खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि यह बस रात करीब 8 बजे पटना के लिए रवाना होने वाली थी। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में बस पड़ाव पर जुट गए। दमकल को सूचना दी गई, लेकिन समय पर गाड़ी नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
भीड़ में शामिल लोगों ने खुद ही पानी और बालू की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
दमकल के देरी से पहुंचने पर लोगों का गुस्सा भड़क गया। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों को आक्रोशित भीड़ ने खदेड़ दिया, जिसके बाद वे वहां से वापस लौट गए। इसके बाद भीड़ सैकड़ों की संख्या में भीमपुर थाना पहुंच गई और वहां जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस वाहन, सीसीटीवी कैमरा और यातायात पुलिस बोर्ड को नुकसान पहुंचाया गया।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। एसडीएम, एसडीपीओ समेत कई थानों की पुलिस ने हालात को संभाला।
पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
