हैदराबाद: (EPFO) के 7 करोड़ से अधिक खाताधारकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अगर आप नौकरीपेशा हैं और आपकी सैलरी से पीएफ कटता है, तो जल्द ही आपके खाते में ब्याज की राशि जमा होने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 के लिए तय किया गया ब्याज जून के अंतिम सप्ताह तक खातों में ट्रांसफर किया जा सकता है।

इस बार केंद्र सरकार ने पीएफ जमा पर 8.25% की ब्याज दर तय की है, जो पिछले कुछ वर्षों की तुलना में बेहतर मानी जा रही है। यह फैसला उन कर्मचारियों के लिए फायदेमंद है, जो अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए नियमित रूप से पीएफ में निवेश करते हैं।

अब सवाल है कि किसे कितना फायदा मिलेगा? इसका सीधा संबंध आपके पीएफ बैलेंस से है। ब्याज की गणना पूरे साल के औसत बैलेंस पर की जाती है। उदाहरण के तौर पर, यदि आपके खाते में ₹4 लाख जमा हैं, तो आपको लगभग ₹33,000 से ₹34,000 तक का ब्याज मिल सकता है। वहीं ₹5 लाख बैलेंस पर करीब ₹41,250 और ₹10 लाख या उससे अधिक जमा होने पर ₹82,500 से ज्यादा ब्याज मिलने की संभावना है।

अपने पीएफ खाते का बैलेंस चेक करना भी अब बेहद आसान हो गया है। आप EPFO के ई-पासबुक पोर्टल पर UAN और पासवर्ड से लॉगिन कर ब्याज की जानकारी देख सकते हैं। इसके अलावा, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से SMS भेजकर या मिस्ड कॉल देकर भी बैलेंस की जानकारी हासिल की जा सकती है।

सरकार ‘EPFO 3.0’ के तहत कई नई सुविधाएं भी लागू कर रही है। अब नौकरी बदलने पर पीएफ का पैसा अपने आप ट्रांसफर हो जाता है और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया भी तेज होकर 3-4 दिन में पूरी हो रही है। कर्मचारियों को सलाह दी जाती है कि वे अपना UAN और KYC अपडेट रखें, ताकि ब्याज का पैसा बिना किसी रुकावट के उनके खाते में पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *