झारखंड के बोकारो से एक सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां करीब तीन साल से लापता युवक का नरकंकाल पुलिस ने कब्र खोदकर बरामद किया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुट गई है।

 

मृतक की पहचान खालिक बाबू अंसारी के रूप में हुई है, जो 16 जून 2022 से लापता था। मामले की जांच चीरा चास थाना, हरला थाना, चास मुफस्सिल थाना और पुलिस की एसआईटी टीम द्वारा की जा रही है। जांच का नेतृत्व चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह कर रहे हैं।

 

मिली जानकारी के अनुसार, खालिक बाबू अंसारी मूल रूप से बरमसिया ओपी थाना क्षेत्र के आरता गांव का रहने वाला था। उसकी शादी वर्ष 2015 में अलकुशा निवासी हबीब अंसारी की बेटी हिना बीवी से हुई थी। शादी के बाद वह वर्ष 2018 से भर्रा बांका पुल के पास शमीम अंसारी के घर में रह रहा था।

 

बताया जा रहा है कि 16 जून 2022 की रात वह अचानक लापता हो गया था। इसके दो दिन बाद, 18 जून 2022 को उसकी पत्नी हिना बीवी ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में मारपीट के बाद लापता होने का आरोप भी लगाया गया था।

 

लंबे समय तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने के बाद वर्ष 2025 में इस मामले को फिर से उठाया गया। मृतक के परिजनों ने हाईकोर्ट में अपील दायर की, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और जांच तेज कर दी गई।

 

इसी जांच के दौरान पुलिस टीम चीरा चास थाना क्षेत्र के भर्रा स्थित कब्रिस्तान पहुंची, जहां से खालिक अंसारी का नरकंकाल कब्र खोदकर बरामद किया गया। मौके पर एफएसएल टीम जांच में जुटी है और पूरे कब्रिस्तान को पुलिस ने घेर लिया है।

 

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि खालिक बाबू अंसारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई। हालांकि पुलिस अभी इस मामले में ज्यादा कुछ कहने से बच रही है।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *