मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि विपक्ष की एकजुटता से भाजपा परेशान है। हमने विपक्षी दलों को एक साथ लाने की जो कोशिश की है, उससे भाजपा बेचैन है।
इसीलिए उनके नेता अनाप-शनाप बोलते हैं।
मुख्यमंत्री शनिवार को बख्तियारपुर में एक समारोह के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
गृहमंत्री अमित शाह के आरोपों को लेकर पत्रकारों के सवाल पर नीतीश कुमार ने कहा कि वे भाजपा नेताओं की बातों को गंभीरता से नहीं लेते। वे अंड-बंड बोलते रहते हैं। उनकी बातों पर ध्यान ही नहीं देते हैं।
उनकी किसी बात का संज्ञान नहीं लेते। इन लोगों को तो बोलने की आदत है। कुछ न कुछ बोलते रहना है।
हम विपक्षी दल साथ आ रहे हैं तो परेशान हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये लोग यहां आते हैं तो इसी तरह बोलते हैं। बिहार का कितना विकास हुआ है, कितना काम हुआ है, उन्हें नहीं पता? कितना काम हो रहा है, ये जानकारी है? ये लोग इस संबंध में कुछ जानते हैं? कुछ ज्ञान है?
देशभर की कोई जानकारी है? बस ऐसे ही कुछ बोल देना है। इनको तो बोलने की तो आदत है। उनकी बातों का कोई मूल्य नहीं।