बोकारो में कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक माहौल को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। बीजेपी जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राज के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बोकारो पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर चिराचास थाना क्षेत्र में हुए मारपीट मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

 

बीजेपी नेताओं का कहना है कि एक मई को नंदूआस्थान स्थित एक जिम सेंटर में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में पीड़ित पक्ष के हर्ष पांडेय ने चिराचास थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए महताब अंसारी, आरिफ अंसारी समेत कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया था। आरोप है कि घटना के नौ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है।

 

वहीं बीजेपी का आरोप है कि दूसरे पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर हर्ष पांडेय और एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पार्टी नेताओं ने इसे पुलिस की एकतरफा कार्रवाई बताते हुए प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठाए।

 

इस दौरान बीजेपी नेताओं ने झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी के बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि मंत्री के बयान से जिले का माहौल तनावपूर्ण हुआ है और इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा बढ़ा है।

 

बीजेपी जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करता और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो बीजेपी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है और लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

संवाददाता — चंदन सिंह, बोकारो

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *