पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बिहार में चौथे चरण की शिक्षक बहाली यानी TRE 4 को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी जानकारी आई है। बिहार लोक सेवा आयोग ने पहली बार इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर आधिकारिक टाइमलाइन जारी कर दी है।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार के मुताबिक, TRE 4 का बहुप्रतीक्षित नोटिफिकेशन 19 या 20 अप्रैल को जारी किया जाएगा। इस घोषणा के साथ ही अभ्यर्थियों के बीच लंबे समय से बनी अनिश्चितता और संशय की स्थिति खत्म हो गई है।
इस बार भर्ती प्रक्रिया काफी बड़ी होने जा रही है। TRE 4 के तहत पूरे राज्य में कुल 46,882 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। खास बात यह है कि यह बहाली सिर्फ शिक्षा विभाग तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अल्पसंख्यक कल्याण, अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण और पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के स्कूल भी इसमें शामिल होंगे। इतना ही नहीं, इन विभागों के स्कूलों में प्राचार्य पदों को भी इस भर्ती प्रक्रिया में जोड़ा गया है, जिससे इसका दायरा और महत्व दोनों बढ़ गए हैं।
आवेदन प्रक्रिया की बात करें तो यह पूरी तरह ऑनलाइन होगी। आयोग के अनुसार, आवेदन की प्रक्रिया 25 या 26 अप्रैल से शुरू कर दी जाएगी। इस बार पोर्टल को पहले से अधिक तकनीकी रूप से मजबूत और यूजर-फ्रेंडली बनाया जा रहा है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
TRE 4 में इस बार दो अहम बदलाव भी किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव जिलों के चयन को लेकर है। अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय ही राज्य के 38 जिलों में से अपनी पसंद के जिलों का विकल्प देना होगा। यदि कोई अभ्यर्थी सभी जिलों का चयन नहीं करता है और उसकी मेरिट ऐसे जिले में बनती है जिसे उसने विकल्प में नहीं चुना है, तो उसका चयन नहीं किया जाएगा।
इस नई व्यवस्था से चयन प्रक्रिया को और पारदर्शी तथा व्यवस्थित बनाने की कोशिश की गई है।
