बोकारो से बड़ी खबर सामने आई है, जहां चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में दसवीं के एक छात्र के अपहरण की कोशिश से इलाके में सनसनी फैल गई। हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

 

मामला चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के काला पत्थर स्थित नगर निगम सोसायटी का है। यहां रहने वाले संजीव कुमार सिन्हा ने अपने पुत्र सर्वज्ञ सिन्हा के अपहरण के प्रयास को लेकर थाने में मामला दर्ज कराया है। सर्वज्ञ दसवीं कक्षा का छात्र है और रोज की तरह मंगलवार शाम दारकु नगर, चास में ट्यूशन पढ़ने गया था।

 

ट्यूशन खत्म होने के बाद वह ऑटो से घर लौट रहा था। जैसे ही वह चास मुफ्फसिल थाना से करीब 100 मीटर दूर ऑटो से उतरकर अपने घर की ओर मुड़ा, तभी पीछे से काले रंग की एक स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी। गाड़ी से उतरे कुछ लोगों ने जबरन उसे पकड़कर अंदर बैठाने की कोशिश की।

 

पीड़ित छात्र सर्वज्ञ सिन्हा ने बताया कि बदमाशों ने उसे खींचते हुए गाड़ी में डालने का प्रयास किया और इंजेक्शन लगाने की भी कोशिश की। उसने किसी तरह हिम्मत दिखाते हुए खुद को छुड़ाया और भागकर घर पहुंचा। छात्र के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

घर पहुंचकर उसने पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिवार ने तुरंत 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और चास मुफ्फसिल थाने में अपहरण के प्रयास का मामला दर्ज कराया गया।

 

बताया जाता है कि छात्र के पिता संजीव कुमार सिन्हा एक फोर व्हीलर शोरूम में वर्कर के रूप में काम करते हैं और परिवार के साथ थाना के पीछे स्थित नगर निगम सोसायटी में रहते हैं।

 

थाने के इतने करीब इस तरह की घटना ने पुलिस की रातों की नींद उड़ा दी है। सवाल यह है कि जब थाना के पास ही अपराधी बेखौफ हैं, तो आम लोग कितने सुरक्षित हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और बदमाशों की तलाश जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *