भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत जेल रोड स्थित गंजी मिल के सामने देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन दुकानें और दो घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान बताया जा रहा है।
पीड़ितों में आरती देवी, मुर्शीद के बेटे राजा, जिनकी पंचर दुकान थी, अर्जुन चौधरी और गीता देवी शामिल हैं। सभी की मेहनत की कमाई और आजीविका का साधन आग की भेंट चढ़ गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तीन बड़ी और एक छोटी गाड़ी के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था।
पीड़ितों ने स्थानीय कुछ शरारती तत्वों पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ युवक रोजाना पास की दुकान की छत पर बैठकर गांजा, शराब और सिगरेट का सेवन करते थे। वे दुकानदारों से माचिस और नाश्ते की मांग करते थे। मना करने पर पहले भी दुकान जलाने की धमकी दे चुके थे।
पीड़ितों के अनुसार, घटना की रात भी वही युवक आसपास मौजूद थे और उन्हीं की हरकत के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।
आरती देवी ने बताया कि वह किराना दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करती थीं, जबकि उनके पति शंकर यादव टोटो चलाते हैं। आग लगने से उनकी पूरी दुकान जल गई और अब परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
वहीं गीता देवी ने बताया कि उनकी नतिनी काजल की शादी मई महीने में होनी है, लेकिन इस हादसे ने खुशियों के घर में मातम ला दिया है। शादी की तैयारियों के बीच अब पूरा परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है।
