
सहरसा। कोसी क्षेत्र की चर्चित समाजसेवी किन्नर गुरु पल्लवी ने रविवार को अपने समर्थकों और सहयोगियों के साथ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही पार्टी संगठन की ओर से उन्हें जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। उनके पार्टी में शामिल होने के बाद समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
सहरसा में लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार शर्मा के आवास पर विशेष बैठक आयोजित की गई। इसी बैठक के दौरान किन्नर पल्लवी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई। इस मौके पर उन्होंने पार्टी नेतृत्व और संगठन की विचारधारा में आस्था व्यक्त करते हुए संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
पल्लवी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और पार्टी के विस्तार के लिए सक्रिय रूप से काम करने की बात कही।
पार्टी नेताओं ने किन्नर गुरु पल्लवी के संगठन में शामिल होने का स्वागत किया। नेताओं ने कहा कि उनके सामाजिक अनुभव और क्षेत्र में सक्रियता से संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद है। पार्टी की ओर से उन्हें जिला उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपे जाने को संगठन में नई भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में पार्टी के एससी/एसटी जिलाध्यक्ष दिलीप पासवान, संसदीय बोर्ड जिलाध्यक्ष मणिकांत सिंह, व्यावसायिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष नरेश गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष संदीप पासवान, पिछड़ा-अति पिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रतन कुमार साह और किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विनोद मुखिया मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष कमलदेव शर्मा, जिला संगठन मंत्री अरुण कुमार साह, जिला महासचिव रौशन कुमार, जिला सचिव आनंदी शर्मा, आईटी सेल जिलाध्यक्ष गगन कुमार, संजुला देवी और संगीता देवी सहित अन्य कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
गौरतलब है कि सहरसा में लोजपा (रामविलास) की ओर से संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर लगातार बैठकें की जा रही हैं। हाल में पार्टी ने विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों और संगठन को सक्रिय करने को लेकर भी बैठक आयोजित की थी।





