
सहरसा। जिले के खेल जगत के लिए गौरव की खबर है। सहरसा जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सह मध्य विद्यालय पटुआहा के शारीरिक शिक्षा शिक्षक रोशन सिंह धौनी को 37वीं ईस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में तकनीकी पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 24 सितंबर तक पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में देश के पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न राज्यों के जूनियर खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। रोशन सिंह धौनी इससे पहले छह बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में तकनीकी पदाधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। यह उनका सातवां अवसर होगा।
जिला एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष सैयद समी अहमद ने बताया कि रोशन सिंह धौनी को दोबारा तकनीकी पदाधिकारी के रूप में चयनित किया जाना सहरसा के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि धौनी एथलेटिक्स के साथ क्रिकेट और टेबल टेनिस के भी जानकार हैं। इन खेलों में वह राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षक और तकनीकी पदाधिकारी के रूप में कई बार अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह शारीरिक शिक्षक संघ के बिहार प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह उर्फ आरके सिंह ने कहा कि सहरसा में खेलों के लिए बेहतर माहौल तैयार हो रहा है और इसमें रोशन सिंह धौनी का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के क्रिकेट, एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और हॉकी खिलाड़ियों का प्रदर्शन बिहार स्तर पर लगातार सामने आ रहा है।
जिला खेल पदाधिकारी सहरसा कुमारी तौसी ने भी रोशन सिंह धौनी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले के शारीरिक शिक्षकों का विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना सम्मान का विषय है।
रोशन सिंह धौनी के चयन पर जिला हैंडबॉल संघ, साइकलिंग संघ, टेबल टेनिस संघ, तैराकी संघ, हॉकी संघ, फुटबॉल संघ, बैडमिंटन संघ, कबड्डी संघ, ताइक्वांडो संघ, वुशु संघ समेत विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारियों ने खुशी जताई और उन्हें शुभकामनाएं दीं।





