बांका। अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अमरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने डुमरामा गांव में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, दो देसी मस्कट, एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध हथियार रखने वालों के बीच हड़कंप मचा है।
बांका पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को करीब 2:30 बजे अमरपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि डुमरामा गांव में दो व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से जुटे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके बाद पुलिस टीम ने डुमरामा गांव में वसीर, पिता मो. सईद अंसारी के बंद पड़े मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से मैगजीन सहित एक देसी पिस्टल, दो देसी मस्कट, एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामद कारतूसों में 7.65 एमएम के दो और 8 एमएम के चार कारतूस शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार उर्फ शुभम भट्टाचार्य उर्फ शुभम कुमार झा (31 वर्ष) और मो. तेहारत (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों डुमरामा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। मामले में अमरपुर थाना कांड संख्या 594/26 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बांका एसडीपीओ अमर विश्वास ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शुभम कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ अमरपुर के अलावा ईशाकचक, संग्रामपुर, कोतवाली, तिलकामांझी और इस्माइलपुर थानों में लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि इसी अभियान में 13 सितंबर को बादशाहगंज चौक से एक संदिग्ध को देसी कट्टा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। वहीं 18 सितंबर को लोगाय गांव में छापेमारी के दौरान रिंकू कंवर को देसी कट्टा और कारतूस के साथ पकड़ा गया था।
पुलिस अब हथियारों के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।





