पटना में बिहार सरस मेला-2026 का भव्य शुभारंभ, 15 राज्यों की महिला उद्यमियों ने सजाए स्टॉल

पटना में बिहार सरस मेला-2026 का भव्य शुभारंभ, 15 राज्यों की महिला उद्यमियों ने सजाए स्टॉल

 

Sponsored Advertisement

पटना। ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार सरस मेला-2026 का रविवार शाम ज्ञान भवन, पटना में भव्य शुभारंभ हुआ। मेला 20 सितंबर से 29 सितंबर तक चलेगा। ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।

 

उद्घाटन के बाद मंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों द्वारा तैयार हस्तनिर्मित उत्पादों, हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम, सजावटी सामान, जैविक उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल पर जाकर उद्यमियों से बातचीत की। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार और महिलाओं की उद्यमशीलता की सराहना की।

 

मुख्य मंच पर आयोजित समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान से हुई। जीविका दीदियों ने अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया। जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने कहा कि सरस मेला ग्रामीण महिला उद्यमियों की मेहनत, हुनर और उद्यमशीलता को बड़ा मंच दे रहा है। यह सिर्फ बिक्री का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का उत्सव है।

 

उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले में बिहार समेत 15 राज्यों की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी सैकड़ों महिला उद्यमी अपने-अपने प्रदेश के विशिष्ट शिल्प, स्वाद और संस्कृति से जुड़े उत्पाद लेकर पहुंची हैं।

 

ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास ने कहा कि सरस मेला ग्रामीण उत्पादों को शहरी और राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जीविका ने बिहार में महिला सशक्तिकरण की मजबूत नींव रखी है।

 

इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने ग्रामीण महिला उद्यमियों के उत्पादों के सामूहिक ब्रांड ‘बिहारिका’ के नए लोगो का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। सतत् जीविकोपार्जन योजना और मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना जैसी योजनाओं से ग्रामीण परिवारों की आजीविका मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

मंत्री ने पटना के लोगों से सरस मेले में पहुंचकर महिला उद्यमियों के उत्पाद खरीदने और उन्हें प्रोत्साहित करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को जीविका दीदियों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। समारोह का समापन बिहार राज्य गीत के साथ हुआ। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, विधायक रविन्द्र प्रसाद सिंह सहित जीविका के कई अधिकारी, विभिन्न जिलों की जीविका दीदियां और अन्य राज्यों की महिला उद्यमी मौजूद रहीं।

Related Posts

किन्नर गुरु पल्लवी ने थामा लोजपा (रामविलास) का दामन, बनीं जिला उपाध्यक्ष

सहरसा। कोसी क्षेत्र की चर्चित समाजसेवी किन्नर गुरु पल्लवी ने रविवार को अपने समर्थकों और सहयोगियों के साथ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने…

सहरसा के रोशन सिंह धौनी सातवीं बार राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में तकनीकी पदाधिकारी नियुक्त

सहरसा। जिले के खेल जगत के लिए गौरव की खबर है। सहरसा जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सह मध्य विद्यालय पटुआहा के शारीरिक शिक्षा शिक्षक रोशन सिंह धौनी को 37वीं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *