समस्तीपुर। जिले के दलसिंहसराय और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी व छिनतई की घटनाओं के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, सोने के मंगलसूत्र, लॉकेट, कान के आभूषण समेत कुल 16 पीस सामान और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दलसिंहसराय और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही चोरी व छिनतई की घटनाओं को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे, जिसके कारण उनकी गिरफ्तारी चुनौती बनी हुई थी।
इसी दौरान दलसिंहसराय थाना और बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने खोदावंदपुर से विजय कुमार और सिरोमणी कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अनीश कुमार उर्फ बौधा की भी कई घटनाओं में संलिप्तता सामने आई।
वहीं, 19 सितंबर 2026 को शाम करीब 3:30 से 4 बजे के बीच सरदारगंज चौक चौबटिया के पास दो युवकों द्वारा एक महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। प्रयास विफल होने पर आसपास के लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अनीश कुमार उर्फ बौधा ने विजय कुमार, सिरोमणी कुमार और शिव कुमार के साथ मिलकर कई चोरी व छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसके बयान के आधार पर पूर्व की घटनाओं में चोरी किए गए सामान की बरामदगी की गई। पुलिस ने मामले में दुकानदार सुजीत कुमार की संलिप्तता भी पाई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अनीश कुमार उर्फ बौधा (35), शिव कुमार महतो (19) और सुजीत कुमार शामिल हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।





