सहरसा। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 34 में निजी जमीन के अंदर करीब 25 लाख रुपये की सरकारी राशि से नाला निर्माण कराए जाने का आरोप सामने आया है। इस मामले को लेकर नगर निगम की पूर्व उपसभापति रंजना सिंह ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने और निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
पूर्व उपसभापति रंजना सिंह का आरोप है कि वार्ड संख्या 34 के मारूफगंज स्थित पुरानी जेल से आगे बटराहा जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे शिव मंदिर के पास अनिल यादुका के निजी कैंपस के अंदर नगर निगम की ओर से करीब 25 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण कराया जा रहा है। उनका कहना है कि संबंधित जमीन निजी है और मुख्य सड़क से लगे गेट के अंदर करीब एक बीघा जमीन है, जिसके अंदर नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है।
रंजना सिंह ने आरोप लगाया कि निजी परिसर के अंदर सरकारी राशि खर्च कर नाला निर्माण कराया जाना सरकारी धन के संभावित दुरुपयोग का मामला है। उन्होंने इस पूरे कार्य की जांच कराने की मांग जिलाधिकारी से की है।
पूर्व उपसभापति का कहना है कि इसी क्षेत्र में पुरानी जेल के आसपास मुख्य सड़क पर जलजमाव की समस्या बनी रहती है। बरसात के दौरान सड़क पर पानी जमा होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि यदि इस राशि का इस्तेमाल सार्वजनिक क्षेत्र में जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए किया जाता, तो इससे बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिल सकती थी।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की अविलंब जांच कराई जाए और यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने जांच पूरी होने तक संबंधित नाला निर्माण कार्य पर रोक लगाने की भी मांग की है।
मामले में नगर निगम की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगा






