भागलपुर। युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए भागलपुर पुलिस की ओर से ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ महाअभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मधुसूदनपुर थाना पुलिस ने रामपुर खुर्द कॉलोनी में छापेमारी कर 49 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 और 19 सितंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि रामपुर खुर्द कॉलोनी में कुछ लोगों द्वारा मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया। सूचना सही पाए जाने पर पुलिस ने सशस्त्र बल के साथ इलाके में छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद साह, पिता अर्जुन साह और रितिक कुमार, पिता विनोद साह, दोनों निवासी रामपुर खुर्द के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के घर में लगी चार पहिया वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 49 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के साथ युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है।






