पलामू। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के लिए रविवार को रांची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में आयोजित चुनाव में पलामू के छतरपुर पूर्वी जिला परिषद सदस्य अमित कुमार जायसवाल ने पलामू प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। अमित कुमार जायसवाल को कुल 59 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 30 मत प्राप्त हुए। इस तरह उन्होंने 29 मतों के अंतर से चुनाव जीत लिया।
अमित की जीत की खबर मिलते ही छतरपुर सहित पलामू क्षेत्र में उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनके क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनने से पलामू प्रमंडल के व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं को राज्य स्तर पर मजबूती से उठाने का अवसर मिलेगा।
अमित के पिता और पर्यावरणविद डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने बेटे की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि अमित ने अपने सामाजिक और राजनीतिक जीवन में लगातार सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में शादी से पहले अमित डाली पंचायत के मुखिया चुने गए थे और सामान्य सीट पर प्रदेश के सबसे कम उम्र के मुखिया बने थे। वर्ष 2015 में उन्होंने सामान्य सीट से लगातार दूसरी बार मुखिया का चुनाव जीता। वर्ष 2022 में क्षेत्र की 10 पंचायतों के लोगों ने उन्हें छतरपुर पूर्वी से जिला परिषद सदस्य चुना।
अब पलामू प्रमंडल के तीन जिलों के व्यवसायियों ने उन्हें चैंबर का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चुना है। डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने कहा कि अमित ने जीवन में चार चुनाव लड़े और चारों में जीत हासिल कर ‘जीत का चौका’ लगाया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अमित की मेहनत, जनता के विश्वास और संस्कारों को दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से की मुलाकात
चैंबर चुनाव में जीत के बाद अमित कुमार जायसवाल ने अपने पिता डॉ. कौशल किशोर जायसवाल के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से कुजू स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान बुके, अंगवस्त्र और हिमाचल का कपूर का पौधा भेंट किया गया। आदित्य साहू ने अमित को जीत की बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। इस मौके पर अरविंद जायसवाल, मिट्ठू सिंह, अजीत गुप्ता और मोनू कुमार भी मौजूद रहे।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में अमित के सामने प्रमंडल के व्यापारियों की समस्याओं को सरकार और संबंधित विभागों तक पहुंचाने तथा व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
संवाददाता:- सत्यम शुक्ला





