धनबाद। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मेमको मोड़ चेक पोस्ट के समीप स्थित दो दुकानों में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने खेदू मिठाई दुकान और गोपी जूस सेंटर के पिछले हिस्से में लगे लोहे के चदरे को काटकर और हटाकर दुकान में प्रवेश किया। इसके बाद चोर हजारों रुपये के सामान लेकर फरार हो गए।
दुकानदारों के अनुसार, शनिवार रात करीब नौ बजे दोनों दुकानें बंद कर वे अपने घर चले गए थे। रविवार सुबह जब दुकानें खोली गईं तो सामान गायब देखकर दुकानदारों को चोरी की जानकारी हुई। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने दोनों दुकानों के पिछले हिस्से में लगे लोहे के चदरे को काटकर रास्ता बनाया था।
चाय-नाश्ते की दुकान से बड़ी संख्या में बर्तन चोरी होने की बात सामने आई है। दुकानदार के अनुसार चोरी हुए बर्तनों की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये है। वहीं, गोपी जूस सेंटर से जूस बनाने वाली मशीन समेत अन्य सामान चोरी होने की जानकारी दी गई है। जूस मशीन की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा दुकान से पंखा सहित अन्य सामान भी गायब है।
सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। दुकानदारों ने चोरी की घटना की सूचना बरवाअड्डा पुलिस को दे दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चोरों का पता लगाने के लिए आसपास के इलाके की जानकारी जुटाई जा रही है।
चेक पोस्ट के समीप दो दुकानों में चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों में चिंता का माहौल है। दुकानदारों ने पुलिस से क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
धनबाद राजेश कुमार की रिपोर्ट








