जामताड़ा। भारतीय जनता पार्टी जामताड़ा जिला इकाई की ओर से सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
रणधीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 25 वर्षों से पूरी निष्ठा के साथ देश की सेवा कर रहे हैं। अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत सभी बूथों पर मंदिरों में दीया जलाकर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की जाएगी। उन्होंने बताया कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को लेकर विभिन्न सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत स्कूलों में प्रदर्शनी, रक्तदान शिविर, फल वितरण, रंगोली प्रतियोगिता तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा नेता तरुण गुप्ता ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 14 कार्यक्रमों के संयोजक और सह-संयोजक बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ के लिए बबीता झा और सजल दास, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के लिए चंडी चरण दे और नीलकंठ बर्मन, ‘जननी सेवा गाथा’ के लिए महेंद्र मंडल और कृष्णा महतो तथा ‘आंगन का उत्सव’ के लिए सुजाता सिंह और टिंकी सावंत को जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘बड़नगर से वाराणसी जल जन और सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र घर-घर से राष्ट्र तक’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’, ‘जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट’ और मोटरसाइकिल यात्रा के लिए भी संयोजक व सह-संयोजक नियुक्त किए गए हैं।
मौके पर नगर पंचायत चेयरपर्सन आशा गुप्ता, जिला महामंत्री कमलेश मंडल, नगर मंत्री ब्रजेश राउत और सुकुमार मंडल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संवाददाता – संतोष कुमार, जामताड़ा







