भागलपुर/नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र में बाढ़ और बांध की स्थिति को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शनिवार को भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, भागलपुर के पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार, जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय एवं नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने मौके पर पहुंचकर कलबलिया बांध का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बांध की वर्तमान स्थिति, आसपास के इलाकों में बाढ़ के प्रभाव और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने तथा प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता तेजी से पहुंचाने पर जोर दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों से क्षेत्र की स्थिति की जानकारी लेते हुए बांध की लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा द्वारा भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों को सक्रिय रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके बाद अधिकारियों की टीम रंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम बनिया पहुंची। यहां भी कलबलिया बांध एवं आसपास की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों से बाढ़ की स्थिति, प्रभावित आबादी तथा राहत कार्यों की जानकारी ली। साथ ही बांध की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से कहा गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को और तेज किया जाए तथा जरूरतमंद लोगों तक समय पर भोजन, आवश्यक सामग्री और अन्य सहायता पहुंचाई जाए। संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी तरह की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के लगातार क्षेत्र भ्रमण से बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद जारी है।






