भागलपुर। भागलपुर में अपराधियों ने दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज मोहल्ले में हुई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार अपराधियों ने पप्पू को निशाना बनाते हुए गोली मारी। गोली लगने के बाद उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुई हत्या की इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बबरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली।
घटना की सूचना मिलने के बाद भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान की जा सके।
उन्होंने कहा कि घटना में जो भी लोग शामिल हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष की हत्या की जानकारी मिलने के बाद भाजपा विधायक रोहित पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे की वजह क्या थी और वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी कौन थे, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
रिपोर्ट— श्यामानंद सिंह, भागलपुर





