भागलपुर। झारखंड के गोड्डा जिले से काम की तलाश में अपनी तीन बच्चियों के साथ भागलपुर पहुंची एक महिला के सामने उस समय बड़ी परेशानी खड़ी हो गई, जब उसकी दो बेटियां अचानक गायब हो गईं। महिला का आरोप है कि स्टेशन पर मिली एक अन्य महिला किराए का कमरा दिलाने के नाम पर उसे बरारी थाना क्षेत्र में ले गई और इसी दौरान उसकी 9 साल की बेटी और 4 माह की दूधमुंही बच्ची को लेकर फरार हो गई।
पीड़ित महिला की पहचान संतो देवी के रूप में बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, संतो देवी अपनी तीन बच्चियों के साथ काम की तलाश में भागलपुर पहुंची थी। स्टेशन पर उसकी मुलाकात एक महिला से हुई। आरोप है कि उक्त महिला ने उसे किराए का कमरा दिलाने का भरोसा दिया और बरारी थाना क्षेत्र में ले गई।
महिला के अनुसार, कमरे की तलाश के दौरान उसकी दोनों बेटियां उससे अलग हो गईं और दूसरी महिला दोनों बच्चियों को लेकर वहां से चली गई। बच्चियों के गायब होने के बाद संतो देवी बरारी चौक स्थित सब्जी मंडी के पास रोने लगी। महिला को रोता देख आसपास के लोग मौके पर जुटे और घटना की सूचना बरारी थाना पुलिस को दी गई।
पीड़िता और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद पुलिस करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस बच्चियों और फरार महिला की तलाश में भागलपुर स्टेशन पहुंची।
वहीं, पुलिस के अनुसार, फरार महिला दोनों बच्चियों को लेकर स्टेशन पर बैठी मिली थी। हालांकि, तब तक वह बच्चियों को लेकर किसी ट्रेन से दूसरे स्थान के लिए रवाना हुई या नहीं, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना को लेकर पुलिस बच्चियों और महिला की तलाश में जुटी है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और बच्चियों की बरामदगी का इंतजार है। घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है और वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





