भागलपुर। युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए भागलपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत बरारी थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम ने 5.14 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि बरारी थाना क्षेत्र के नूरपुर मायागंज के समीप अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि और आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने पुलिस अधीक्षक नगर, भागलपुर के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए नूरपुर मायागंज के समीप छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद कुछ लोग भागने लगे। इसके बाद पुलिस और सशस्त्र बल के जवानों ने पीछा कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोजल मंडल, पिता अनिल मंडल और संगीत कुमार, पिता बनवारी मंडल, दोनों निवासी राजांदीपुर, थाना सबौर, जिला भागलपुर के रूप में हुई है।
तलाशी में ब्राउन शुगर और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार दोनों आरोपियों की तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास से कुल 5.14 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामान को जब्त कर लिया है।
मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में पुअनि सह-थानाध्यक्ष विकास कुमार, पुअनि विशाल कुमार, पुअनि अभिषेक कुमार महतो और बरारी थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से दूर रखने और मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






