भागलपुर। भागलपुर में इन दिनों एक दंगल का मैदान लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। पहली नजर में यह नजारा किसी अंतरराष्ट्रीय टेनिस कोर्ट से कम नहीं लगता, लेकिन यह विंबलडन का टेनिस कोर्ट नहीं, बल्कि भागलपुर का दंगल मैदान है। जिले के नारायणपुर प्रखंड की नगरपाड़ा उत्तर पंचायत में आयोजित दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता में देशभर के नामचीन पहलवानों ने पहुंचकर अपने दमखम का प्रदर्शन किया।
कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित इस दंगल प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, राजस्थान, काशी, उत्तराखंड और दिल्ली समेत कई राज्यों से पुरुष और महिला पहलवान पहुंचे। प्रतियोगिता में महिला पहलवानों की मौजूदगी भी आकर्षण का खास केंद्र रही। नेपाल के काठमांडू के चर्चित पहलवान देवा थापा की बहन रूबी थापा समेत कई महिला पहलवानों ने भी दंगल में हिस्सा लिया।
स्थानीय आयोजकों के अनुसार, नारायणपुर के नगरपाड़ा उत्तर पंचायत में कृष्ण जन्मोत्सव के दौरान पिछले कई वर्षों से दंगल प्रतियोगिता का आयोजन होता आ रहा है। मेला आयोजक रणविजय यादव, प्रमुख रिंकू यादव, प्रतिनिधि मंटू यादव, गुलशन यादव समेत ग्रामीणों के सहयोग से पुरुषों के साथ महिलाओं की कुश्ती प्रतियोगिता भी आयोजित की जाती है।
मेला प्रबंधक ने बताया कि इस मैदान में करीब 150 वर्षों से लगातार दंगल प्रतियोगिता आयोजित होने की परंपरा चली आ रही है। यही वजह है कि इस आयोजन को देखने के लिए आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
इस बार दंगल प्रतियोगिता देखने के लिए 50 हजार से अधिक दर्शकों के पहुंचने का दावा किया गया। पूरा मैदान दर्शकों से खचाखच भरा नजर आया। चारों तरफ लोगों की भीड़ और बीच में पहलवानों के मुकाबले का दृश्य देखते ही बन रहा था।
आयोजकों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद आयोजन के दौरान सुरक्षा के लिए कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं रहता है, फिर भी अब तक किसी बड़ी घटना की बात सामने नहीं आई है। लोगों का अनुशासन और दंगल के प्रति उत्साह इस आयोजन की खास पहचान बना हुआ है।
दंगल मैदान का पूरा दृश्य दर्शकों को खूब आकर्षित कर रहा था। मैदान की गोलाकार व्यवस्था और चारों तरफ बैठी भीड़ को देखकर लोगों ने इसे विंबलडन के टेनिस कोर्ट जैसा नजारा बताया। परंपरा, खेल और हजारों दर्शकों का यह संगम भागलपुर के इस ऐतिहासिक दंगल को खास बना देता है।






