राखी के त्योहार से ठीक पहले रोहतास के डालमियानगर इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मनेरी बीघा में ढाई साल का मासूम रियांश पानी निकासी के लिए बने खुले नाले में गिर गया और आरसीसी पाइप में फंस गया। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक कैमूर जिले के सबार थाना क्षेत्र निवासी रोहित पासवान अपनी पत्नी रिंकी देवी और बेटे रियांश के साथ राखी के त्योहार पर डालमियानगर थाना क्षेत्र के मनेरी बीघा स्थित अपनी मौसी के घर आए थे। रियांश को अपनी मौसेरी बहन से राखी बंधवानी थी। घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं।
इसी दौरान दोपहर में रियांश बैलून से खेलते-खेलते घर से बाहर निकल गया। उसका बैलून घर के पास सिंचाई के लिए बने खुले नाले में पड़े आरसीसी पाइप में जा फंसा। बैलून निकालने के प्रयास में मासूम नाले में गिर गया और पाइप के अंदर फंस गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
काफी देर तक बच्चे के वापस नहीं लौटने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद हादसे की जानकारी हुई और तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया।
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद ड्रिल मशीन की मदद से आरसीसी पाइप को काटकर बच्चे को बाहर निकाला गया। वह अचेत अवस्था में था। स्थानीय लोगों ने सीपीआर देने का प्रयास किया और पुलिस वाहन से उसे डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राम लखन सिंह ने बताया कि ढाई साल के बच्चे को अस्पताल लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।





