केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि (रिटायर्ड) को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है. वह 30 मई 2026 को जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल पूरा होने के बाद पदभार संभालेंगे. इसके साथ ही वह डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स के सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे.
चार दशक से अधिक लंबे सैन्य करियर वाले राजा सुब्रमणि फिलहाल 1 सितंबर 2025 से नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटेरिएट में मिलिट्री एडवाइजर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले वह जुलाई 2024 से जुलाई 2025 तक आर्मी स्टाफ के वाइस चीफ और मार्च 2023 से जून 2024 तक सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रह चुके हैं.
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि ने नेशनल डिफेंस एकेडमी और इंडियन मिलिट्री एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त किया. उन्हें 14 दिसंबर 1985 को 8वीं गढ़वाल राइफल्स में कमीशन मिला था. वह जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, ब्रैकनेल (यूके) और नेशनल डिफेंस कॉलेज, नई दिल्ली के पूर्व छात्र हैं. उनके पास किंग्स कॉलेज लंदन से एमए और मद्रास यूनिवर्सिटी से डिफेंस स्टडीज में एमफिल की डिग्री है.
अपने सैन्य करियर में उन्होंने कई अहम ऑपरेशनल जिम्मेदारियां निभाईं. उन्होंने असम में ऑपरेशन राइनो के दौरान 16 गढ़वाल राइफल्स की कमान संभाली. जम्मू-कश्मीर में 168 इन्फैंट्री ब्रिगेड और सेंट्रल सेक्टर में 17 माउंटेन डिवीजन का नेतृत्व भी किया. उन्हें पश्चिमी मोर्चे पर भारतीय सेना की प्रमुख स्ट्राइक फॉर्मेशन 2 कोर की कमान संभालने का गौरव भी मिला.
स्टाफ और इंस्ट्रक्शनल नियुक्तियों में उन्होंने कजाकिस्तान में डिफेंस अटैची, ईस्टर्न कमांड में ऑपरेशन स्टाफ अधिकारी, राष्ट्रीय राइफल्स सेक्टर के डिप्टी कमांडर और नॉर्दर्न कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम किया. उनकी सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, सेना मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है.
