मुंगेर जिले के संग्रामपुर प्रखंड क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला को गोली मारकर नकदी और जेवर लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बेलहर थाना क्षेत्र के तरी मंझगांय गांव निवासी 55 वर्षीय निर्मला देवी बैंक से पैसे निकालकर और गिरवी रखे जेवर छुड़ाकर घर लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि बैंक से निकलते ही दो बाइक सवार अपराधियों ने उनका पीछा शुरू कर दिया था।
जैसे ही महिला लालू नगर बांध के पास पहुंची, अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और नकदी व जेवर छीनने का प्रयास किया। महिला ने विरोध किया तो बदमाशों ने गोली चला दी। गोली निर्मला देवी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। इसके बाद अपराधी नकदी और जेवर लेकर मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तुरंत संग्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
इलाज कर रहे डॉक्टर गौतम साहा ने बताया कि महिला खतरे से बाहर हैं। उनके पैर से गोली निकाल दी गई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बेलहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
बेलहर थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
