पटना में गुरुवार को बिहार कैबिनेट का बहुप्रतीक्षित विस्तार होने जा रहा है. गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे. समारोह दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर शुरू होगा, जहां राज्यपाल नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है.
जिला प्रशासन के अनुसार सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. शेखपुरा मोड़ से एयरपोर्ट तक वाहनों की एंट्री बंद रहेगी. एयरपोर्ट गोलंबर से पूर्वी पटेल गोलंबर और राजेंद्र चौक से पटेल गोलंबर तक का रास्ता भी सील रहेगा. इसके अलावा पटेल गोलंबर से इनकम टैक्स गोलंबर तक का इलाका ‘नो-एंट्री जोन’ घोषित किया गया है, जिसमें हार्डिंग रोड, सिंचाई भवन और आर-ब्लॉक शामिल हैं.
ट्रैफिक पुलिस ने डाकबंगला, जेपी गोलंबर, रामगुलाम चौक, बाकरगंज और कारगिल चौक पर भी सख्त नियंत्रण लागू किया है. न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड में प्रवेश बंद रहेगा. एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को जगदेव पथ और राजा बाजार होकर वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है. वहीं पटना जंक्शन जाने वालों को करबिगहिया मार्ग से आने की अपील की गई है.
इस राजनीतिक कार्यक्रम को बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. चर्चा है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को भी कैबिनेट में जगह मिल सकती है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा नेता नितिन नवीन पहले ही पटना पहुंच चुके हैं, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी समारोह में शामिल होंगे. मंत्रियों की सूची को लेकर एनडीए नेताओं के बीच लगातार बैठकों का दौर चला, जिसे गठबंधन में एकजुटता और संतुलन बनाए रखने की बड़ी कवायद माना जा रहा है.
