बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें दो महिलाओं की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने हादसे की भयावहता को उजागर कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं रेलवे ट्रैक पार कर प्लेटफॉर्म संख्या दो से प्लेटफॉर्म संख्या एक पर जाने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान नई दिल्ली से मालदा जा रही फरक्का एक्सप्रेस अचानक प्लेटफॉर्म पर आ गई। महिलाएं कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही ट्रेन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया और कुचलते हुए आगे बढ़ गई।
हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों के बीच चीख-पुकार गूंज उठी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना रेलवे पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस टीम पहुंची और स्थानीय सफाई कर्मियों की मदद से दोनों शवों को ट्रैक से हटाकर एक स्थान पर इकट्ठा किया गया। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया।
जीआरपी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान हो चुकी है। दोनों महिलाएं रिश्ते में मौसी-भतीजी थीं। मृतकों में गया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय इंतर देवी और अथमलगोला थाना क्षेत्र के रामनगर की 28 वर्षीय संगीता देवी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं एक शादी समारोह से लौट रही थीं और पैसेंजर ट्रेन से बख्तियारपुर पहुंची थीं। स्टेशन पर उतरने के बाद उन्होंने फुटओवर ब्रिज का उपयोग नहीं किया और अवैध तरीके से ट्रैक पार करने लगीं, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
इस घटना ने एक बार फिर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों द्वारा नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बावजूद चेतावनी के, लोग आज भी अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करते हैं, जो कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है।
