सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वाहन जांच अभियान के दौरान की गई, जहां एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन से देसी पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 3 मई 2026 की रात सौरबाजार थाना पुलिस टीम गश्ती एवं वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान थाना क्षेत्र के कांप बाजार के पास एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन खड़ी मिली।
पुलिस ने वाहन में सवार लोगों से पूछताछ की, जिसमें एक व्यक्ति के मुंह से शराब की गंध आने पर संदेह हुआ। इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। मौके पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने वाहन और उसमें सवार सभी व्यक्तियों की विधिवत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज कुमार, अवधेश कुमार, मंटुन कुमार और उपेंद्र राय के रूप में हुई है। सभी सौरबाजार थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
इस मामले में सौरबाजार थाना कांड संख्या 111/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)/26/35 तथा बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 37 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बरामद हथियार, कारतूस और स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
