बोकारो के चास थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता से नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है, साथ ही आरोपी आरियन अली जमान को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।
मामला चास थाना क्षेत्र के कर्बला रोड, सुल्तान नगर निवासी मो. जाफर से जुड़ा है। उन्होंने 28 अप्रैल 2026 को चास थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला दर्ज कराया था। आवेदन में बताया गया था कि 28 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे उनकी पुत्री अचानक घर से गायब हो गई थी और काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर, चास) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी सहायता और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि लड़की को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में रखा गया है।
इसके बाद पुलिस टीम ने 1 मई को कोलकाता के बेनियापुकुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान नाबालिग लड़की को आरोपी आरियन अली जमान के घर से सकुशल बरामद कर लिया गया। आरोपी ने लड़की को कमरूज जमान, पता 3/ए, छातु बाबू लेन, थाना- इन्टाली, जिला- कोलकाता स्थित अपने घर में छिपाकर रखा था।
पुलिस ने मौके से आरोपी आरियन अली जमान को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। चास एसडीपीओ प्रवीण सिंह ने बताया कि मोबाइल फोन का फॉरेंसिक एनालिसिस कराया जाएगा, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सके।
फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो
