सहरसा जिले के बनगांव थाना क्षेत्र में शनिवार अहले सुबह एक तेज रफ्तार बोलेरो टायर ब्लास्ट होने के बाद अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस सड़क हादसे में बोलेरो पर सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सहरसा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां दो लोगों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
घायलों की पहचान 35 वर्षीय बगेट मुखिया, 60 वर्षीय महेंद्र मुखिया, 15 वर्षीय मांगीलाल कुमार, 22 वर्षीय धीरज Kumar, 14 वर्षीय संगम कुमार, 50 वर्षीय सोहन मुखिया और 12 वर्षीय सुजीत कुमार के रूप में हुई है। सभी बनगांव थाना क्षेत्र के मुरली बसंतपुर पंचायत अंतर्गत भुसवर डीह गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
घायल महेंद्र मुखिया ने बताया कि गांव के दिलीप मुखिया के पुत्र सागर मुखिया की शादी महिषी थाना क्षेत्र के झाड़ा गांव में शुक्रवार रात थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव से सात लोग बोलेरो पर सवार होकर वहां गए थे। शादी संपन्न होने के बाद शनिवार की सुबह करीब 4:30 बजे सभी लोग बोलेरो से वापस अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण अचानक बोलेरो का टायर ब्लास्ट हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर घूमने लगा। हादसे के दौरान बोलेरो का गेट खुल गया और उसमें सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में सोहन मुखिया का हाथ और पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया, जबकि सुमित कुमार का पैर भी टूट गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले बरियाही स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
बाद में परिजनों ने सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। बनगांव थाना अध्यक्ष हरिश्चंद्र ठाकुर ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिली है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
