भागलपुर जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 306.44 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को पकड़ लिया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि बबरगंज थाना क्षेत्र के चौधरीडीह रेलवे ढाला के पास कुछ लोग अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02 की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, वहां मौजूद एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 306.44 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत काफी अधिक बताई जा रही है।
पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि पकड़ा गया व्यक्ति एक विधि-विरुद्ध बालक है। पुलिस ने उसे तत्काल निरुद्ध कर लिया और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस सफल छापेमारी दल में बबरगंज थाना की थानाध्यक्ष दिव्या कुमारी, पुअनि अनीशा राज, सिपाही पिंटू चौधरी और महिला सिपाही प्रियंका कुमारी की अहम भूमिका रही। टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यह बड़ी सफलता हासिल हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
