आज के दौर में टेलीविजन घर-घर में मौजूद है और मनोरंजन का एक अहम माध्यम बन चुका है। समय के साथ इसकी तकनीक और स्वरूप में बड़ा बदलाव आया है। पहले जहां टीवी चलाने के लिए एंटीना और बूस्टर की जरूरत होती थी, वहीं अब केबल, डिश और सेट-टॉप बॉक्स के जरिए लोग हाई क्वालिटी कंटेंट का आनंद लेते हैं। 4K और डॉल्बी जैसी आधुनिक तकनीकों ने टीवी देखने के अनुभव को और बेहतर बना दिया है।
लेकिन एक समय ऐसा भी था जब भारत में टीवी रखना इतना आसान नहीं था। 1950 से 1980 के दशक तक टीवी रखने के लिए सरकारी लाइसेंस लेना अनिवार्य था। बिना लाइसेंस टीवी रखना नियमों का उल्लंघन माना जाता था और इसके लिए जुर्माने का भी प्रावधान था। उस समय सरकार प्रसारण व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सालाना शुल्क वसूलती थी।
टीवी खरीदने के बाद लोगों को नजदीकी डाकघर जाकर आवेदन करना पड़ता था। निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद उन्हें लाइसेंस प्रमाणपत्र या बुक दी जाती थी। ब्लैक एंड व्हाइट और कलर टीवी के लिए अलग-अलग शुल्क तय था। ब्लैक एंड व्हाइट टीवी के लिए 15 से 50 रुपये तक और रंगीन टीवी के लिए 75 से 100 रुपये तक सालाना टैक्स देना पड़ता था। लाइसेंस का हर साल नवीनीकरण कराना भी जरूरी होता था।
1990 के दशक में केबल टीवी और निजी चैनलों के आने के बाद यह व्यवस्था धीरे-धीरे खत्म हो गई। इसके साथ ही टीवी देखने का तरीका और उसका महत्व भी बदल गया।
पुराने दिनों को याद करते हुए आरा के निवासी बताते हैं कि उस समय टीवी बहुत कम घरों में होता था। लोग कई किलोमीटर दूर से टीवी देखने आते थे। खासकर रामायण और महाभारत जैसे धारावाहिकों के दौरान भारी भीड़ जुटती थी। कई लोग तो टीवी स्क्रीन के सामने आरती भी उतारते थे।
आज जहां सैकड़ों चैनल और डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध हैं, वहीं उस दौर की यह व्यवस्था और अनुभव नई पीढ़ी के लिए बेहद दिलचस्प और अनोखे हैं।
