बिहार के बक्सर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज तीन कट्ठा जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की गड़ासे से बेरहमी से हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची मृतक की पत्नी और बेटा भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

 

मामला मुरार थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव का है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय अक्षयबर यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान थे। वहीं आरोपी छोटे भाई कृष्णा यादव, उम्र 35 वर्ष, को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

 

जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार सुबह यह विवाद अचानक हिंसक हो गया। घटना के समय मृतक की पत्नी मीना देवी घर के आंगन में चूल्हा साफ कर रही थीं। तभी आरोपी कृष्णा यादव वहां पहुंचा और चूल्हा तोड़ते हुए गाली-गलौज करने लगा। उसका आरोप था कि चूल्हा उसके हिस्से की जमीन पर बना है।

 

शोर सुनकर अक्षयबर यादव मौके पर पहुंचे और अपने छोटे भाई को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात और बिगड़ गई। देखते ही देखते कृष्णा यादव ने पास में रखे गड़ासे से अपने बड़े भाई पर हमला कर दिया।

 

अक्षयबर यादव ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने लगातार कई वार किए। हमले में उनके दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए और अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

अपने पति को बचाने पहुंची मीना देवी और 18 वर्षीय बेटा विकास कुमार भी आरोपी के गुस्से का शिकार बन गए। दोनों पर भी गड़ासे से हमला किया गया, जिसमें मीना देवी के हाथ और विकास के गर्दन के पास गंभीर चोटें आई हैं।

 

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अक्षयबर यादव को मृत घोषित कर दिया। मां-बेटे का इलाज जारी है।

 

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *