बिहार के पूर्णिया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी रंजिश में एक वार्ड सदस्य की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव और शोक का माहौल है।

 

घटना अनगढ़ थाना क्षेत्र के धुसमल गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 57 वर्षीय मोहम्मद अशफाक अंसारी के रूप में हुई है, जो गांव में वार्ड सदस्य के पद पर कार्यरत थे। स्थानीय स्तर पर उनकी अच्छी पहचान थी और वे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे।

 

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे गांव के ही कुछ लोग हथियार और लाठी-डंडों से लैस होकर अशफाक अंसारी के घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने मिलकर उनके साथ जमकर मारपीट की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

 

मृतक की बेटी सुहाना ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनके पिता के साथ बेहद क्रूरता की। मारपीट के दौरान उनके प्राइवेट पार्ट को दबाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

 

वारदात के बाद मृतक की बेटी सुहाना ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर गांव के ही 6 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में नबसीता, अफसर आलम उर्फ मुन्ना, नैमोद्दीन, नाजमिन, खुशनूर, खुशनंती और नफीस को आरोपी बनाया गया है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस निर्मम हत्या के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *