धनबाद के सदर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना ज्ञान मुखर्जी रोड स्थित एक आवास की है, जहां शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए परिवार के घर से नकद, जेवरात समेत करोड़ों की संपत्ति चोरी होने का दावा किया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

 

बताया जा रहा है कि गृह स्वामी विश्वजीत कुमार साव अपने पूरे परिवार के साथ मुंगेर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। घर कई दिनों से बंद था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को अपना निशाना बनाया। अपराधियों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

 

जब परिवार वापस लौटा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर प्रवेश करते ही सभी हैरान रह गए। अलमारी खुली हुई थी, सामान बिखरा पड़ा था और घर का कीमती सामान गायब था। जांच के दौरान पता चला कि करीब 10 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो चुके हैं।

 

गृह स्वामी विश्वजीत कुमार साव ने बताया कि नकद और जेवरात के अलावा घर में रखी अन्य कीमती वस्तुओं को मिलाकर करीब 2 करोड़ रुपये की संपत्ति की चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि शादी में जाने के कारण घर बंद था और लौटने पर यह बड़ा नुकसान सामने आया।

 

घटना की सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। गृह स्वामी की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

 

फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। लगातार बंद घरों को निशाना बनाकर हो रही चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में डर और चिंता बढ़ गई है।

 

संवाददाता – सत्यम शुक्ला, धनबाद

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *