बिहार विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ध्वनि मत से विश्वास मत हासिल कर लिया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के बीच एक ऐसा पल भी आया, जब पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा। इसकी वजह बने सहरसा से इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के विधायक आईपी गुप्ता, जिन्होंने अपने चुटीले अंदाज से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

 

दरअसल, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने विश्वास मत पर बोलने के लिए आईपी गुप्ता को सिर्फ एक मिनट का समय दिया। जैसे ही स्पीकर ने कहा कि आपके पास केवल एक मिनट है, वैसे ही आईपी गुप्ता ने मुस्कुराते हुए कहा— “सर, एक मिनट के डर से तो रात भर हहरल रहते हैं, सोते नहीं हैं सर।”

 

उनकी यह बात सुनते ही सदन में मौजूद विधायक हंस पड़े और खुद स्पीकर भी मुस्कुराने लगे। माहौल कुछ देर के लिए हल्का और हास्यपूर्ण हो गया।

 

आईपी गुप्ता ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को कई वजहों से बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार इस समय संक्रमण काल से गुजर रहा है। समाजवादी विचारधारा की धरती पर भाजपा का नेतृत्व आना एक बड़ा बदलाव है। साथ ही पुरानी पीढ़ी से नई पीढ़ी को सत्ता सौंपे जाने का यह महत्वपूर्ण समय है और सम्राट चौधरी नई पीढ़ी के पहले मुख्यमंत्री बने हैं।

 

उन्होंने तीसरी बधाई इस बात के लिए दी कि सम्राट चौधरी ने “नागपुर और दिल्ली दरबार” को पीछे छोड़ते हुए मुख्यमंत्री पद हासिल किया और सबका विश्वास जीता। चौथी बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी उनके पुराने जिला मुंगेर से आते हैं, इसलिए उनसे खास उम्मीद है।

 

आईपी गुप्ता ने इस दौरान पान-तांती समाज को आरक्षण दिलाने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि यह काम सिर्फ मुख्यमंत्री ही कर सकते हैं।

 

बता दें कि 56 वर्षीय आईपी गुप्ता सहरसा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उनका पूरा नाम इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता है। वे इंजीनियरिंग में एम.टेक डिग्रीधारी और सफल व्यवसायी भी हैं। वहीं, सम्राट चौधरी ने एनडीए के 201 विधायकों के समर्थन से आसानी से विश्वास मत जीत लिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *