बिहार के बेतिया में उस समय भारी हंगामा मच गया, जब एक महिला को उसके ससुराल से लाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। योगापट्टी थाना क्षेत्र की इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

जानकारी के अनुसार, महिला की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और उसका पति बाहर रहकर काम करता है। महिला गर्भवती बताई जा रही है। महिला के पिता अपनी बेटी की विदाई के लिए ससुराल पहुंचे थे, लेकिन ससुराल वालों ने उसे भेजने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, पिता के साथ बदतमीजी भी की गई।

 

ससुराल पक्ष का आरोप है कि महिला किसी अन्य व्यक्ति से वीडियो कॉल पर बात करती है और घर के अन्य सदस्यों के साथ उसका व्यवहार ठीक नहीं है। इसी वजह से परिवार ने उसे मायके भेजने से मना कर दिया था।

 

बेटी की विदाई नहीं होने से नाराज पिता ने योगापट्टी थाने में आवेदन देकर पुलिस से मदद मांगी। आवेदन के आधार पर पुलिस टीम गांव पहुंची और महिला को अपने साथ थाने लाने लगी।

 

जैसे ही पुलिस महिला को लेकर गांव से बाहर निकलने लगी, परिवार के लोग और कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम को घेर लिया। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और पुलिस गाड़ी का रास्ता रोक दिया। हंगामे के बीच महिला को पुलिस वाहन से उतार लिया गया और उसे अपने साथ वापस ले गए।

 

इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। भारी विरोध के कारण पुलिस को गांव से बैरंग लौटना पड़ा।

 

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2 रजनीश कांत प्रियदर्शी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *