सहरसा पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। बैजनाथपुर थाना और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त कार्रवाई में 10 हजार रुपये का इनामी और अंतरजिला अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी कई लूट कांडों में वांछित था।
सहरसा पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बैजनाथपुर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई को सूचना मिली कि लूट कांडों में वांछित अपराधी मो. अनिश उर्फ नन्हे सहरसा सदर थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक के पास देखा गया है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम की सतर्कता से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मो. अनिश उर्फ नन्हे, पिता मो. आलम, निवासी धमौली वार्ड नंबर-01, थाना पतरघट, जिला सहरसा बताया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी बैजनाथपुर थाना कांड संख्या 59/26 सहित कई मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ सदर थाना, बसनही थाना और मधेपुरा जिले के भर्राही थाना में लूट और अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। इन मामलों में वह लगातार फरार चल रहा था, जिस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर आलोक कुमार, बैजनाथपुर थानाध्यक्ष अमित रंजन, पु.अ.नि. खुशबू कुमारी, जिला आसूचना इकाई की टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
सहरसा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
