झारखंड के पलामू जिले में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर एक अहम पहल देखने को मिली है। सामाजिक संस्था मातृत्व संघ की ओर से नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी से मुलाकात कर सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने भी महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया है।
पलामू में महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा के लिए कार्यरत संस्था मातृत्व संघ की अध्यक्षा शर्मिला वर्मा और उपाध्यक्षा डॉ. अमितू सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी कपिल चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद संस्था की ओर से 6 सूत्री ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में महिलाओं और बच्चियों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने, उनसे जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई करने, स्कूल और कॉलेज के आसपास तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई। इसके अलावा पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सीसीटीवी अनिवार्य करने और ड्राइवरों की पहचान सत्यापन, साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहे।
एसपी कपिल चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि पलामू में महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों की शीघ्र सुनवाई की जाएगी और महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण प्रदान करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुलाकात के बाद मातृत्व संघ की अध्यक्षा शर्मिला वर्मा ने संतोष व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक का आभार जताया। वहीं संस्था की अन्य सदस्याओं—सचिव फरहा नाज, ज्योति नवीन सिन्हा, प्रोफेसर स्वाति सहाय, मंजू चंद्रा, एडवोकेट वंदना कुमारी, सुषमा देवी, प्रिया, चंदा देवी, अनामिका सिंह और ललिता सहाय सहित फाउंडर पूजा रत्नाकर—ने उम्मीद जताई कि नए एसपी के कार्यकाल में महिलाओं को बेहतर और सुरक्षित माहौल मिलेगा।
संवाददाता:
सत्यम शुक्ला, पलामू / झारखंड
