झारखंड के पलामू जिले में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। नए पुलिस कप्तान के निर्देश पर शहर में विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

 

इसी कड़ी में फोर व्हीलर वाहनों में लगे काले शीशों यानी ब्लैक फिल्म के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में चेकिंग अभियान चलाकर उन वाहनों को रोका, जिनमें अवैध रूप से ब्लैक शीशे लगे हुए थे। जांच के दौरान जिन गाड़ियों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके शीशों से मौके पर ही ब्लैक फिल्म हटवा दी गई।

 

इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई लोग तुरंत अपने वाहनों से ब्लैक शीशे हटवाते नजर आए। पुलिस का कहना है कि काले शीशों के कारण अंदर बैठे लोगों की पहचान नहीं हो पाती, जिससे अपराध की आशंका बढ़ जाती है। इसी वजह से इस तरह के शीशों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

 

अभियान के दौरान समाजसेवी राजू तिर्की के वाहन की भी जांच की गई। उनके वाहन में भी ब्लैक शीशे लगे पाए गए, जिसे पुलिस ने तुरंत हटवाया और उन्हें सख्त चेतावनी दी गई। इससे साफ संदेश दिया गया कि नियम सबके लिए समान हैं और किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी।

 

इस विशेष अभियान का नेतृत्व डीएसपी राजेश कुमार कर रहे हैं। उनके साथ शहर थाना प्रभारी, टीओपी प्रभारी और ट्रैफिक इंचार्ज की टीम भी सक्रिय रूप से मौजूद रही।

 

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

 

संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू (झारखंड)

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *