मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहालपट्टी गांव, वार्ड संख्या आठ में शनिवार को जमीन विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद ने मारपीट और गोलीबारी का रूप ले लिया, जिसमें कुल छह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन को गोली लगने की पुष्टि हुई है, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि करीब दो बीघा जमीन को लेकर कमलेश्वरी साह और दिलखुश के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। शनिवार को जब एक पक्ष कथित तौर पर विवादित जमीन पर पहुंचा, तो दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने धारदार हथियार और हथियारों के साथ हमला कर दिया और फायरिंग शुरू कर दी।
इस गोलीबारी में सचेन कुमार को कमर में दो गोलियां लगीं, रणधीर कुमार को जांघ में एक गोली लगी, जबकि कमलेश्वरी साह के दाहिने हाथ में गोली लगी। सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि इलाज के दौरान रणधीर कुमार की मौत हो गई, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह विवाद पहले से कोर्ट में लंबित था और दोनों पक्षों को जमीन पर जाने से मना किया गया था। बावजूद इसके, एक पक्ष जबरन वहां पहुंचा, जिसके बाद यह खूनी संघर्ष हुआ। परिजनों का यह भी कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस को आरोपियों के ठिकाने की जानकारी दी, लेकिन अब तक सभी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है।
वहीं भर्राही थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। मौके पर पहुंचे एसआई ने बताया कि मामले में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
