बिहार के वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब वरमाला के मंच पर दूल्हे की धमकी भरी बात से नाराज दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद बाराती और घराती पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, जंदाहा निवासी रामचंद्र राम के पुत्र कुंदन कुमार की शादी कुतुबपुर निवासी विजय राम की पुत्री मौसम कुमारी से तय हुई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार बारात लड़की के घर पहुंची थी और वरमाला की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान बारात पक्ष के कुछ युवक अचानक दुल्हन के कमरे में घुस गए। लड़की पक्ष ने इसका विरोध किया और उन्हें बाहर निकलने को कहा, लेकिन जब वे नहीं माने तो घरवालों ने उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल दिया।

इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। डंडों और कुर्सियों से एक-दूसरे पर हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। हंगामे के दौरान कई कुर्सियां टूट गईं और बारात में आई गाड़ियों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए।

स्थिति कुछ शांत होने के बाद वरमाला के मंच पर दूल्हे ने दुल्हन से कहा—“घर चलो, तुम्हें ठीक कर दूंगा।” इस धमकी भरे बयान से दुल्हन भड़क गई और उसने मौके पर ही शादी करने से इनकार कर दिया।

घटना के बाद करीब एक घंटे तक दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *