झारखंड के जामताड़ा में बिजली संकट, बढ़ती दरों और स्मार्ट मीटर से हो रही कथित मनमानी बिलिंग के खिलाफ भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। सदर स्थित विद्युत कार्यालय का सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेराव कर सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

 

यह प्रदर्शन भाजपा के देशव्यापी आंदोलन का हिस्सा था, जो प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर झारखंड के सभी जिलों में आयोजित किया गया। जामताड़ा में इस आंदोलन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने किया।

 

प्रदर्शन के दौरान सुमित शरण ने कहा कि राज्य में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद आम उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां पहले सामान्य बिल आता था, वहीं अब चार गुना तक राशि वसूली जा रही है। यहां तक कि दो बल्ब जलाने पर भी हजारों रुपये का बिल आ रहा है।

 

उन्होंने यह भी कहा कि भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं बुजुर्गों को दवाइयां सुरक्षित रखने में परेशानी हो रही है। कई उपभोक्ताओं को समय पर बिल नहीं मिल रहा, जबकि कुछ को कई महीनों का एकमुश्त बिल थमा दिया जा रहा है, जिससे आम जनता परेशान है।

 

भाजपा नेताओं ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले खनिज संपदा में भ्रष्टाचार होता था और अब बिजली बिल के नाम पर जनता से वसूली की जा रही है।

 

प्रदर्शन के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अधीक्षक अभियंता को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें स्मार्ट मीटर हटाने, बिलिंग प्रणाली में सुधार और बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की गई। विभाग द्वारा ज्ञापन स्वीकार कर लिया गया है।

 

संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *